प्रवीण मिन्हास बने हिमाचल राज्य सहकारी बैंक के निदेशक

rakesh nandan

02/12/2025

हिमाचल प्रदेश सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में युवा और अनुभवी नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए चंबा जिले की राड़ी पंचायत से संबंध रखने वाले प्रवीण मिन्हास को हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक मंडल में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रवीण मिन्हास के वर्षों के राजनीतिक संघर्ष और समर्पण को दर्शाती है, जिसकी शुरुआत छात्र राजनीति से हुई थी। प्रवीण मिन्हास भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के इकाई अध्यक्ष भी रहे हैं। आम परिवार से निकलकर छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने चंबा के पीजी कॉलेज से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और बाद में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी तथा एलएलएम की डिग्री हासिल की।

प्रवीण मिन्हास को हिमाचल प्रदेश सरकार में सबसे कम उम्र के निदेशकों में गिना जा रहा है। इतनी कम उम्र में इतना महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा जाना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की “व्यवस्था परिवर्तन” की नीति को मजबूत रूप में दर्शाता है, जिसके तहत सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को भी नेतृत्व का अवसर प्रदान किया जा रहा है। अपनी नियुक्ति के उपरांत, प्रवीण मिन्हास ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विशेष कार्य अधिकारी रितेश कपरेट का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सम्मान मुख्यमंत्री के उस विश्वास को दर्शाता है, जिसके तहत संगठन के साधारण कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है। चंबा और भरमौर क्षेत्र के लिए प्रवीण मिन्हास की यह नियुक्ति एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे न केवल सहकारी क्षेत्र में युवाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं तथा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भी देखने को मिल रही है।