पीएनबी आरसेटी ऊना में सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षण का समापन

rakesh nandan

12/01/2026

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी आरसेटी), ऊना कार्यालय में उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 14 दिवसीय सॉफ्ट खिलौने बनाने एवं उनके विपणन से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। समापन समारोह में पंजाब नेशनल बैंक ऊना बचत भवन की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक पूनम चंदेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद अब उन्हें शीघ्र ही अपना स्वयं का कार्य प्रारंभ करना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकें।

इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे बिना संकोच आगे बढ़ें और पंजाब नेशनल बैंक की ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उद्यम की शुरुआत करें। कार्यक्रम संचालक एवं संकाय सदस्य आकाश भारद्वाज ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दुलेहड़ ग्राम पंचायत में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 32 प्रतिभागियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर आयोजित मूल्यांकन परीक्षा में 30 प्रतिभागियों ने सफलता पूर्वक उत्तीर्ण होकर स्वरोजगार की दिशा में अपना पहला कदम रखा।

मूल्यांकन परीक्षा के लिए असेसर हरमेश राजपूत एवं पुष्पा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रशिक्षक निर्मला देवी, समाजसेवी सुनीता रानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।