पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान PNB RSETI ऊना एवं संबंधित कार्यालय द्वारा ग्राम पंचायत दुलैहड़ में आयोजित “बेसिक्स ऑफ जूट प्रोडक्ट उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम” सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भर बनाना रहा। इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी ऊना के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के पश्चात शीघ्र ही अपना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करें तथा आवश्यकता पड़ने पर बैंक की ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित भारतीय रिजर्व बैंक के वित्तीय साक्षरता सलाहकार राजकुमार डोगरा ने प्रतिभागियों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय अनुशासन, बचत, ऋण प्रबंधन और डिजिटल लेनदेन से संबंधित उपयोगी जानकारियां प्रदान कीं। इस अवसर पर पीएनबी आईसीटी ऊना के कार्यक्रम संचालक एवं संकाय सदस्य आकाश भारद्वाज, ग्राम पंचायत दुलैहड़ के प्रधान नंद लाल, उप-प्रधान पवन कुमार, वार्ड पंच पूनम देवी, पूर्व वार्ड पंच एवं समाजसेवी सुनीता रानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षणार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास मिला है और भविष्य में जूट उत्पाद निर्माण के माध्यम से आय अर्जित करने में सहायता मिलेगी।
