महिलाओं का 14 दिवसीय क्रिएटिव ज्वेलरी प्रशिक्षण संपन्न

rakesh nandan

22/01/2026

Punjab National Bank Rural Self Employment Training Institute (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 14 दिवसीय क्रिएटिव ज्वेलरी निर्माण प्रशिक्षण शिविर वीरवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण शिविर में लगभग 28 महिलाओं ने भाग लेकर आभूषण निर्माण की आधुनिक एवं रचनात्मक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत महिलाएं स्वरोजगार अथवा अपना छोटा उद्यम शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि आरसेटी संस्थान महिलाओं को विभिन्न बैंकों से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी सहयोग प्रदान करता है।

अजय कतना ने महिलाओं से केंद्र व राज्य सरकार की ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीपीएफ तथा किसान क्रेडिट कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बैंक उपभोक्ताओं के अधिकारों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक बैंक ग्राहक को निजता का अधिकार, शिकायत एवं उसके निवारण का अधिकार, मुआवजे का अधिकार, पारदर्शिता एवं ईमानदार व्यवहार का अधिकार सहित अन्य कई महत्वपूर्ण अधिकार प्राप्त हैं। समापन अवसर पर मूल्यांकनकर्ता सोमदत्त शर्मा एवं कामना देवी, आरसेटी के फैकल्टी सदस्य संजय हरनोट, प्रशिक्षण प्रदाता सीमा देवी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं में स्वरोजगार को लेकर उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।