पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ने आईटीआई बणी में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग और वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
🟦 ऋण एवं जमा योजनाओं की दी जानकारी
अजय कतना ने प्रशिक्षणार्थियों को पंजाब नेशनल बैंक की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुद्रा लोन, शिक्षा ऋण, हिमाचल प्रदेश सरकार की डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना, सहित अन्य योजनाओं की जानकारी साझा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बैंक उपभोक्ताओं के अधिकारों, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन के बारे में भी जागरूक किया।
🟦 सरकारी बीमा एवं पेंशन योजनाओं पर जोर
शिविर के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। अजय कतना ने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने और वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
🟦 आरसेटी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की दी जानकारी
उन्होंने बताया कि पीएनबी आरसेटी द्वारा समय-समय पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा स्वयं का रोजगार शुरू कर सकते हैं।
🟦 ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आईटीआई के प्रधानाचार्य अनिल पठानिया सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
