‘पंखुड़ी’ पोर्टल से महिला-बाल योजनाओं को गति

rakesh nandan

18/02/2026

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित सरकारी योजनाओं में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा ‘पंखुड़ी’ वेब पोर्टल शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह डिजिटल मंच महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से आम नागरिक, स्वयंसेवी संगठन, प्रवासी भारतीय तथा कॉरपोरेट संस्थान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी पहलों में सीधे सहयोग कर सकेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि ‘पंखुड़ी’ एक सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को एकीकृत करना है। पोर्टल पर नागरिक अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विभिन्न परियोजनाओं से जुड़कर सहयोग प्रदान कर सकते हैं।

यह पोर्टल विशेष रूप से मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0, मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य जैसे प्रमुख सरकारी मिशनों को समर्थन प्रदान करेगा। साथ ही कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत कॉरपोरेट संस्थानों की भागीदारी को भी बढ़ावा देगा।

पोर्टल पर ‘Search Institution’ सुविधा उपलब्ध है, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं अपनी पसंद के संस्थान या क्षेत्र का चयन कर सहयोग कर सकते हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास बिलासपुर हरीश मिश्रा ने बताया कि यह पोर्टल पूरी तरह पारदर्शी और गैर-मौद्रिक मंच है, जिसमें किसी भी प्रकार का आर्थिक लेनदेन नहीं किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि सहयोग सीधे संबंधित संस्थानों और लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचे।

उन्होंने कहा कि ‘पंखुड़ी’ पहल महिलाओं और बच्चों के कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ेगी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास कार्यक्रमों को नई दिशा मिलेगी।