नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष: बिंदल

rakesh nandan

20/01/2026

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि भाजपा केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में संगठन पर्व के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया में सम्मिलित होना अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भाजपा की सशक्त संगठनात्मक संरचना और लोकतांत्रिक परंपराओं का जीवंत उदाहरण है। डॉ. बिंदल ने नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हिमाचल भाजपा परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा—

“शून्य से शिखर तक: एक विचार, एक संकल्प, एक भारत!”

उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठनात्मक ऊर्जा, युवा सोच और अनुभव का संतुलन भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। भाजपा की यात्रा केवल एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और अटूट विश्वास की प्रेरक गाथा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा प्रतिपादित एक विधान, एक निशान, एक प्रधान का संकल्प और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार ने भाजपा को वैचारिक आधार प्रदान किया। अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा ने गांव-गांव अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 का उन्मूलन और भव्य राम मंदिर का निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णय भाजपा की वैचारिक दृढ़ता का प्रमाण हैं। राजनाथ सिंह, अमित शाह और जे.पी. नड्डा के मार्गदर्शन के बाद अब यह संगठनात्मक मशाल नितिन नबीन के हाथों में है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि यह यात्रा विकसित भारत के निर्माण और प्रत्येक भारतीय के गौरव की यात्रा है, जो निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, सिकंदर कुमार सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।