नाहन 23 अक्टूबर: उपायुक्त सिरमौर के निर्देशानुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) 14वीं बटालियन, क्षेत्रीय प्रतिक्रिया टीम-नालागढ़ द्वारा सिरमौर जिला में अपने फैमिलियराईजेशन अभ्यास के दौरान आज 23 अक्टूबर बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शिलाई, जिला सिरमौर में आपदा प्रबंधन विषय पर जन- जागरूकता अभियान एवं मौक अभ्यास का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिरमौर के सहयोग से आज उनके संस्थान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 24 सदस्यीय टीम, प्रभारी व सहायक कमांडेंट संतोष, निरीक्षक अजय कुमार व उप निरीक्षक अवतार सिंह के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन से संबंधित जन- जागरूकता, चर्चा, विचार विमर्श एवं मौक अभ्यास आयोजित किया गया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की इस प्रशिक्षित टीम द्वारा लगभग 300 विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एवं तकनीकों के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा व प्रशिक्षण प्रदान किया गया । इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया की संस्थान के लगभग 30 शैक्षिक एवं गैर शैक्षिक स्टाफ भी इस प्रशिक्षण कार्य में सक्रिय रूप से भागीदार रहे।
इस अवसर पर स्थानीय उपमंडलीय प्रशासन, संस्थान का समस्त स्टाफ व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।