एन-कोर्ड बैठक: नशामुक्त जिला व सड़क सुरक्षा पर जोर

rakesh nandan

12/01/2026

जिला स्तरीय एन-कोर्ड समिति की बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम, खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पंचायत स्तर पर एंटी-ड्रग अभियानों को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक 248 नशा निवारण समितियों का गठन किया जा चुका है। इन समितियों के माध्यम से प्रशासन को नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हो रही हैं, जिससे कार्रवाई को मजबूती मिल रही है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि 18 जनवरी को शिमला में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एसडीएम, डीएसपी, जिला अटॉर्नी, सहायक जिला अटॉर्नी, डीएफओ सहित जिला स्तर के अधिकारी भाग लेंगे। इस कार्यशाला में नशा तस्करी के मामलों में अदालतों में कम सजा दर (एक्विटल) के कारणों पर चर्चा कर विशेष रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मामलों की जांच प्रभावी हो और आरोपितों को अदालत से सजा दिलाई जा सके।उन्होंने कहा कि जिला को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और आम जनता को मिलकर एकजुट प्रयास करने होंगे।

बैठक में उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा माह को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिरमौर के हरिपुरधार बस हादसे से सीख लेने की आवश्यकता है। सभी वाहन चालकों को जागरूक किया जाए कि व्यावसायिक वाहनों में ओवरलोडिंग न हो और वाहनों की फिटनेस पूरी होने के बाद ही उन्हें सड़कों पर चलाया जाए। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी को ट्रैफिक व परिवहन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंघल सहित जिले के सभी एसडीएम उपस्थित रहे।