जवाहर नवोदय विद्यालय बिलासपुर में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन 7 फरवरी को उपमंडल सदर बिलासपुर में किया जा रहा है। यह परीक्षा उपमंडल के दो परीक्षा केंद्रों राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बिलासपुर तथा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोठीपुरा में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से उपमंडलाधिकारी सदर (प्रोबेशनर) प्रियंका ने भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस.) की धारा 163 के अंतर्गत आवश्यक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार 7 फरवरी को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक परीक्षा केंद्रों के आसपास सभी प्रकार की सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गतिविधियों, जुलूस, रैलियों, नारेबाजी एवं धरना-प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, ताकि ध्वनि प्रदूषण के कारण परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा दिवस के दौरान किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य, टेंट या मंच लगाने अथवा हटाने का कार्य प्रतिबंधित रहेगा, जिससे अनावश्यक भीड़ या अव्यवस्था से बचा जा सके।
साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, लाठी, गोला-बारूद, तलवार या किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलना सख्त रूप से निषिद्ध रहेगा, ताकि किसी भी सुरक्षा संबंधी खतरे को रोका जा सके। प्रशासन ने आम जनता से आदेशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।