स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत किन्नौर द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रिकांग पिओ में एक प्रेरणादायक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी शुभम चंद्रन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन आज भी युवाओं के लिए ऊर्जा, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर छिपी शक्ति को पहचानें और अनुशासन, परिश्रम तथा सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ें।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शेर सिंह नेगी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” का संदेश आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनते हुए नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्वास्थ्य विभाग की डॉ. सपना ने युवाओं को एचआईवी/एड्स की रोकथाम, सावधानियों और जागरूकता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित व्यवहार और समय पर जांच को एचआईवी/एड्स से बचाव के लिए आवश्यक बताया। वहीं स्वास्थ्य शिक्षिका शारदा ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में मेरा युवा भारत किन्नौर के अधिकारी एवं कर्मचारी, आईटीआई रिकांग पिओ के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करना रहा।
