राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीसी सिरमौर ने दिलाई मतदाता शपथ

rakesh nandan

25/01/2026

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त प्रियंका वर्मा द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनावों की गरिमा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन, धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय या भाषा से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह बिना किसी दबाव के अपने विवेक से मतदान करे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और आमजन, विशेषकर युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ करना है।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल.आर. वर्मा, सहायक आयुक्त उपायुक्त विवेक शर्मा, तहसीलदार निर्वाचन विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।