जिला बिलासपुर में जिला स्तरीय 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस आगामी 25 जनवरी, 2026 को राजकीय डिग्री कॉलेज बिलासपुर के सभागार में गरिमामय एवं भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी तहसीलदार निर्वाचन विभाग संजय कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम
“मेरा भारत, मेरा वोट – भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक”
निर्धारित की गई है।
तहसीलदार संजय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने, मतदाता जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक नागरिक की लोकतंत्र में सहभागिता को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि “मेरा भारत, मेरा वोट” थीम यह स्पष्ट संदेश देती है कि देश का भविष्य प्रत्येक नागरिक के मताधिकार से जुड़ा है और हर एक वोट लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर नए युवा मतदाताओं को EPIC (मतदाता पहचान पत्र) प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनमें लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित हो सके।
कार्यक्रम को सांस्कृतिक रूप से आकर्षक बनाने के लिए बिलासपुर शहर के आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का यह आयोजन जिले में लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने और युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
