नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर जिले भर में ली गई नशामुक्ति की शपथ

rakesh nandan

19/11/2025

नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर मंगलवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न परिसरों में अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने नशे का विरोध करने तथा भारत को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
हर आयु वर्ग और संस्था की सक्रिय भागीदारी के साथ यह कार्यक्रम जिले में जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ।

युवा राष्ट्र की शक्ति, नशामुक्त भारत अभियान में भागीदारी अनिवार्य — उपायुक्त

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा और शक्ति होते हैं। समाज एवं देश के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, ऐसे में नशे जैसी बुराई से उन्हें दूर रखना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान तभी सफल होगा जब हर नागरिक, विशेषकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

बदलाव की शुरुआत खुद से करनी होगी

उपायुक्त ने कहा कि नशा आज देश के सामने बड़ी चुनौती है। इस चुनौती का सामना करने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वयं, अपने परिवार और पूरे समाज को नशे से दूर रखने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा—
“बदलाव की शुरुआत हमेशा खुद से होती है। यदि हम स्वयं नशामुक्त रहेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे, तो भारत को नशामुक्त बनाना संभव है।”

राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया

इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय परिसर के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर अमृतसर में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
अधिकारी एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना तथा अभियान को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।