नारकंडा में स्की स्नोबोर्ड चैंपियनशिप का शुभारंभ

rakesh nandan

10/02/2026

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने आज नारकंडा में स्की स्नोबोर्ड चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 10 फरवरी से 12 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर आर.एस. बाली ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के माध्यम से नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि नारकंडा में आयोजित स्नोबोर्ड चैंपियनशिप देश-विदेश के खिलाड़ियों को आकर्षित करती है, जहां खिलाड़ी अपनी गति, तकनीक और कौशल का प्रदर्शन करते हैं तथा विजेताओं को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि नारकंडा साहसिक पर्यटन के लिए एक आदर्श गंतव्य है। यहां की बर्फीली पहाड़ियां, गहरी घाटियां और शांत वातावरण साहसिक पर्यटन प्रेमियों को विशेष अनुभव प्रदान करते हैं। स्नोबोर्डिंग के साथ-साथ यहां स्कीइंग, ट्रैकिंग और कैंपिंग जैसी गतिविधियां भी लोकप्रिय हैं।

50 लाख से बनेगी पोर्टेबल लिफ्ट, 10 लाख से बनेगा गेट

आर.एस. बाली ने लोगों की मांग पर धुमरी स्की स्लोप, नारकंडा में 50 लाख रुपये की लागत से पोर्टेबल लिफ्ट स्थापित करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस नारकंडा के समीप धुमरी स्की स्लोप की ओर 10 लाख रुपये की लागत से गेट निर्माण की भी घोषणा की। इस अवसर पर आर.एस. बाली ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में उपमंडल दंडाधिकारी मुकेश कुमार, ओम प्रकाश शर्मा (पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत नारकंडा), रूपेश कंवल (पूर्व एचपीटीडीसी), देविंदर राजटा, चेत राम वर्मा (पूर्व प्रधान सिहाल), जिला शिमला स्की, स्नोबोर्ड एवं क्रॉस फेडरेशन के अध्यक्ष अमित वर्मा, एचपी विंटर गेम्स एसोसिएशन के महासचिव राजेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।