बिलासपुर में 137वां नलवाड़ी मेला-2026 शुरू

rakesh nandan

17/03/2026

जिला बिलासपुर का ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक गौरव नलवाड़ी मेला-2026 इस वर्ष एक बार फिर भव्यता के साथ शुरू हो गया है। करीब 137 वर्ष पुराने इस राज्य स्तरीय मेले का शुभारम्भ नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने खूंटी गाड़कर विधिवत किया।

शुभारम्भ से पहले लक्ष्मी नारायण मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई स्वयं मंत्री ने की। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई लुहणू मैदान पहुंची, जहां मुख्य समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक झांकियों ने मेले की गरिमा को और बढ़ा दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश धर्माणी ने कहलूरी बोली में जनता से संवाद करते हुए कहा कि नलवाड़ी मेला बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस मेले की शुरुआत वर्ष 1889 में सांडू मैदान से हुई थी, जो समय के साथ अब लुहणू मैदान में स्थानांतरित हो चुका है।

उन्होंने कहा कि यह मेला केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पहले यह मेला पशुधन की खरीद-फरोख्त और स्थानीय उत्पादों के व्यापार का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, लेकिन अब यह सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का एक बड़ा मंच बन चुका है।

मंत्री ने बताया कि पारंपरिक कला और शिल्प को बढ़ावा देने के लिए घुमारवीं में कौशल विकास केंद्र स्थापित किया जा रहा है। यहां पारंपरिक शिल्पकारों को प्रशिक्षक के रूप में जोड़कर युवाओं को पुरातन कलाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित किया जा सके।

उन्होंने गोविंद सागर झील में जलक्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देने की जानकारी भी दी और कहा कि अक्टूबर 2025 में आयोजित “जल तरंग जोश महोत्सव” इस दिशा में एक सफल पहल रही है, जिससे पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिला है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 51 रुपए और भैंस के दूध का 61 रुपए निर्धारित किया गया है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गेहूं 60 रुपए, मक्की 40 रुपए और हल्दी 90 रुपए प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य तय किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिला में 100 क्विंटल कच्ची हल्दी की खरीद की गई, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिला।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के 151 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिनमें बिलासपुर के 11 स्कूल शामिल हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने आगामी 21 मार्च को प्रस्तुत होने वाले प्रदेश के बजट का भी उल्लेख किया और कहा कि यह बजट आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

धर्माणी ने भाखड़ा बांध निर्माण में बिलासपुर और ऊना के लोगों के योगदान को याद करते हुए कहा कि भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड में प्रदेश का लगभग 4500 करोड़ रुपए लंबित है। इसके अलावा शानन जल विद्युत परियोजना की लीज समाप्त होने के बावजूद इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

इस वर्ष मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कई नए कार्यक्रम जोड़े गए हैं। शोभायात्रा के बाद शाम 6 बजे सतलुज महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नाट्य उत्सव, 19 मार्च को साहित्य उत्सव, और “वॉइस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण हैं।

“वॉइस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता में विजेता को 1 लाख रुपए, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपए और तृतीय स्थान पर 25 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही “मिस बिलासपुर 2026” प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है, जिससे युवतियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

18 मार्च से शुरू होने वाले कहलूर उत्सव में स्थानीय कलाकार नाटी, लोक नृत्य, लोक संगीत और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जो मेले की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाएंगे।

मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने मेले की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय व्यापार, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। नलवाड़ी मेला-2026 आने वाले दिनों में बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।