उपायुक्त कार्यालय नाहन में राष्ट्रीय बचत सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश करार की अध्यक्षता में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा के साथ लघु बचत योजनाओं से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लघु बचत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, उनके व्यापक प्रचार-प्रसार तथा योजनाओं को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई। उपाध्यक्ष ने लघु बचत योजनाओं से होने वाली आय को बढ़ाने पर जोर देते हुए एजेंटों की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान लघु बचत योजनाओं से जुड़े एजेंटों ने योजनाओं के संचालन में आ रही विभिन्न कठिनाइयों से अवगत करवाया तथा उनके समाधान के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए। इस पर उपाध्यक्ष राष्ट्रीय बचत सलाहकार बोर्ड और उपायुक्त सिरमौर ने एजेंटों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डाकघर एवं संबंधित विकास खंडों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लघु बचत योजनाओं से संबंधित नवीनतम एवं अद्यतन जानकारी संकलित की जाएगी, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने एजेंटों की समस्याओं के समाधान तथा लघु बचत योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर लघु बचत प्रभारी सुनंदा मोहिल, अशोक भारद्वाज सहित अन्य लघु बचत एजेंट भी बैठक में उपस्थित रहे।