नाहन में ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0’ अभियान युद्ध स्तर पर
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नव कमल ने बताया कि नाहन कोर्ट परिसर तथा जिला की अन्य अदालतों में लंबित पुराने मुकदमों के आपसी सहमति से निपटारे के लिए National Legal Services Authority (NALSA) द्वारा ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0’ अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।
31 मार्च तक दे सकते हैं आवेदन
जो भी पक्षकार अपने मामलों का सम्मानजनक और शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं, वे 31 मार्च तक संबंधित अदालत या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, नाहन में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। यह अभियान उन लोगों के लिए बड़ा अवसर है जो लंबे समय से अदालतों के चक्कर काट रहे हैं और समय तथा धन की बचत चाहते हैं।
इन मामलों को मिलेगी प्राथमिकता
अभियान के तहत निम्न मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी:
पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद
चेक बाउंस के मामले
सड़क दुर्घटना और बीमा क्लेम
बैंक रिकवरी मामले
श्रम विवाद
ऐसे आपराधिक मामले जिनमें आपसी समझौते का कानूनी प्रावधान है
निःशुल्क है पूरी प्रक्रिया
सचिव ने स्पष्ट किया कि मध्यस्थता की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। किसी भी प्रकार की जानकारी या कानूनी सहायता के लिए आम नागरिक राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।
भाईचारे के साथ समाधान
मध्यस्थता के माध्यम से हुआ फैसला अंतिम होता है और इससे दोनों पक्षों के बीच आपसी सद्भाव बना रहता है। जिला वासियों से अपील की गई है कि वे अपने मामलों का समाधान आपसी समझौते से कर इस मंच का लाभ उठाएं।