उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज जिला सिरमौर के नाहन में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैर सरकारी सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जाए, ताकि सभी के सहयोग से जिले को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सक्रिय रूप से रखने का आह्वान किया।
उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि जिले के स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार हुआ है और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए रिक्त पदों को भरने के प्रयास जारी हैं। जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 4333 संस्थागत प्रसव कराए गए हैं। बैठक में अवगत कराया गया कि वर्ष 2025-26 में 1,03,802 जॉब कार्ड जारी किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 35 स्वयं सहायता समूहों का गठन अथवा पुनर्जीवन किया गया। वन विभाग द्वारा 486.68 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 3.16 लाख पौधारोपण किया गया। लोक वितरण प्रणाली के तहत वर्ष 2025-26 में 25,876 टन अनाज का आवंटन किया गया। अंत्योदय अन्न योजना के अंतर्गत 13,347 टन अन्न बीपीएल तथा 2,074 टन एपीएल परिवारों को वितरित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में 2132 आवासों का निर्माण किया गया, जबकि वर्ष 2025-26 में अब तक 261 व्यक्तिगत घरेलू शौचालय बनाए जा चुके हैं। जिले में 859 नए विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए जाने प्रस्तावित हैं, जिनमें से 45 ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा चुके हैं। राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत 172.33 मिलियन यूनिट बिजली का वितरण किया गया तथा 231 पंप सेट सक्रिय किए गए हैं।
जिला स्तरीय सलाहकार एवं निगरानी समिति की बैठक
इसके उपरांत उद्योग मंत्री ने शहरी स्थानीय निकायों की जिला स्तरीय सलाहकार एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसमें जिले के सभी शहरी निकायों में केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि नगर पंचायत राजगढ़ में सूखे व गीले कचरे का पृथक्करण कर वैज्ञानिक ढंग से निपटान किया जा रहा है। नगर परिषद पांवटा साहिब और नगर पंचायत राजगढ़ में ‘स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर’ अभियान चलाया जा रहा है। राजगढ़ में ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र स्थापित करने के लिए भूमि शहरी विकास विभाग को स्थानांतरित कर दी गई है। वहीं, नगर परिषद नाहन के अंतर्गत ऐतिहासिक महत्व के स्थलों को चिन्हित कर उन्हें ऐतिहासिक धरोहर घोषित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे इनके संरक्षण और रखरखाव को सुनिश्चित किया जा सके।
