नाहन कांग्रेस मंडल ने भाजपा पर सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें फैलाने और विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया है। नाहन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में कई सड़कों को मंजूरी मिली है तथा कई अन्य सड़क परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है, लेकिन भाजपा को यह विकास रास नहीं आ रहा।
नरेंद्र तोमर ने कहा कि भाजपा नेता सोशल मीडिया पर यह भ्रम फैला रहे हैं कि ये सभी विकास कार्य पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल की देन हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि पिछले तीन वर्षों में नाहन क्षेत्र में विकास को गति मिली है और वर्तमान विधायक अजय सोलंकी की सक्रियता के चलते इन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश, जिला और नाहन क्षेत्र में कोई वास्तविक विकास नजर नहीं आ रहा, इसलिए वह केवल श्रेय लेने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे जनता को गुमराह करना बंद करें, क्योंकि जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है।
तोमर ने स्पष्ट किया कि विधायक अजय सोलंकी ने सड़कों सहित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर निरंतर प्रयास किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप आज नाहन क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं। भाजपा द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों से जनता भ्रमित होने वाली नहीं है।
