माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का उपमुख्यमंत्री ने किया भव्य शुभारंभ, सरकार उठाएगी पूरा खर्च

rakesh nandan

17/11/2025

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को तीन दिवसीय माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का मेला ग्राउंड अम्ब में दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने पंडाल में स्थापित माता चिंतपूर्णी के पावन स्वरूप के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के बाद प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महोत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया।

मंदिर चढ़ावे का पैसा खर्च होने का दावा निराधार – उपमुख्यमंत्री

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बहुत कम समय में यह महोत्सव जन-मन का उत्सव बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महोत्सव के आयोजन में माता चिंतपूर्णी मंदिर के चढ़ावे का एक भी रुपया खर्च नहीं किया जा रहा है, न अब तक हुआ है और न ही भविष्य में होगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव का पूरा खर्च हिमाचल सरकार वहन कर रही है

मेला अब राज्यस्तरीय महोत्सव

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष महोत्सव को राज्यस्तरीय दर्जा देने की घोषणा की थी, जिसे बाद में कैबिनेट में अनुमोदित कर लागू कर दिया गया। उन्होंने महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़ पर प्रसन्नता जताई और इसकी सफलता का श्रेय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और जनसमर्थन को दिया।

अगले वर्ष और बड़े स्वरूप में होगा आयोजन

विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने उपमुख्यमंत्री सहित सभी गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से इस महोत्सव को अगले वर्ष और व्यापक रूप में आयोजित किया जाएगा।

उपस्थित गणमान्य

कार्यक्रम में विधायक विवेक शर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान, उपमुख्यमंत्री की सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री, विधायक विवेक शर्मा की पत्नी मृदु शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत राणा, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव, एसडीएम अंब सचिन शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।