उपमुख्यमंत्री ने I.T.I ऊना के टेकफेस्ट मेराकी-2026 का शुभारंभ

rakesh nandan

07/02/2026

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना के वार्षिक टेक्निकल फेस्टिवल ‘मेराकी-2026’ का शुभारंभ किया। यह टेकफेयर 7 से 9 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने मेराकी-2026 के लोगो तथा संस्थान की पत्रिका ‘प्रगति परिमल’ का भी विमोचन किया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने ड्रोन तकनीक और रोबोटिक्स के क्षेत्र में कार्य करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ड्रोन तकनीक की आवश्यकता स्पष्ट रूप से महसूस हुई, जिससे यह सिद्ध होता है कि भविष्य में सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक की भूमिका अत्यंत निर्णायक होगी। उन्होंने युवाओं और तकनीकी संस्थानों से इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया, ताकि भारत ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बन सके।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि टेकफेयर जैसे मंच युवाओं को नवाचार, सृजनशीलता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार एक सशक्त डिजिटल इकोसिस्टम के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व यह कल्पना करना भी कठिन था कि ऊना की धरती पर ट्रिपल आईटी जैसा प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित होगा। यह संस्थान लंबे संघर्ष और अनेक बाधाओं को पार करते हुए स्थापित हुआ है और आज यहां हिमाचल प्रदेश के अनेक विद्यार्थी अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने संस्थान में एमएससी गणित पाठ्यक्रम के आरंभ की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्थानीय विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा स्थानीय युवाओं के लिए खोले गए नए अवसरों का दीर्घकालीन लाभ क्षेत्र और प्रदेश दोनों को मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हरोली क्षेत्र में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत का बल्क ड्रग पार्क स्थापित किया जा रहा है, जो देश के तीन बल्क ड्रग पार्कों में से एक है। इसके अतिरिक्त बाथू में 18 करोड़ रुपये की लागत से टूल रूम तथा पंडोगा में 10 करोड़ रुपये की लागत से टेक्नोलॉजी पार्क का निर्माण किया जा रहा है।

तीन महत्वपूर्ण एमओयू का आदान-प्रदान

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति में आईआईआईटी ऊना द्वारा शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। ये एमओयू सीएसआईआर-सीएसआईओ, सरदार बेअंत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी तथा सिद्धार्था इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के साथ किए गए।

उपमुख्यमंत्री ने संस्थान के स्पोर्ट्स इवेंट ‘यलगार’, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं नवाचार स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने इनोवेशन एक्सपो का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नवाचारी परियोजनाओं की सराहना की। उन्होंने परिसर में बरगद का पौधा भी रोपित किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के निदेशक प्रोफेसर हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी, सीएसआईआर-सीएसआईओ के निदेशक प्रोफेसर शांतनु भट्टाचार्य, सरदार बेअंत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. सुशेंद्र कुमार मिश्रा तथा आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रोफेसर मनीष गौड़ ने भी विचार साझा किए।