उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोन्दपुर, दुलेहड़, बीटन, बाथड़ी, बालीवाल, ललड़ी, भदसाली और सलोह गांवों में श्री गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिरों में माथा टेका तथा प्रबंधक समितियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन समाज को समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देता है। उनके विचार आज भी मानवता, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक आस्था के केंद्रों के संरक्षण, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के विकास पर करोड़ों रुपये व्यय किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु रविदास मंदिर कमेटी बालीवाल, ललड़ी, सलोह और दुलेहड़ को 25-25 लाख रुपये, पंजवार और हरोली को 15-15 लाख रुपये तथा भदसाली गुरु रविदास मंदिर कमेटी को 71 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण बेटियों को लाभ मिला है। नर्सिंग और लॉ कॉलेजों से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थी आज विभिन्न उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में सिंचाई और पेयजल योजनाओं पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हरोली में 75 करोड़ रुपये की लागत से बीत सिंचाई योजना-दो, 7 करोड़ रुपये की पेयजल योजना और 10 करोड़ रुपये की लागत से रेस्ट हाउस का निर्माण किया जा रहा है।
टाहलीवाल में स्वर्गीय कंवर हरि सिंह की 87वीं जयंती पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भाग लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने टाहलीवाल क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 50 लाख रुपये तथा प्रेस क्लब हरोली को 51 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में एसडीएम हरोली विशाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
