एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर से हिमाचल को औद्योगिक मजबूती: मुकेश अग्निहोत्री

rakesh nandan

13/01/2026

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर्स की स्वीकृति हिमाचल प्रदेश में उद्योगों को मजबूत करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इससे राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय द्वारा देशभर में 13 नए टेक्नोलॉजी सेंटर–एक्सटेंशन सेंटर स्थापित करने के संबंध में कार्यालय ज्ञापन जारी किया गया है, जिनमें हिमाचल प्रदेश के पंडोगा और परवाणू को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि इन टेक्नोलॉजी सेंटर्स की स्थापना से उद्योगों को आधुनिक तकनीकी सहयोग, निवेश प्रोत्साहन और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होगा। इससे एमएसएमई इकाइयों की गुणवत्ता, उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पंडोगा और परवाणू दोनों टेक्नोलॉजी सेंटर एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर लुधियाना के अधीन संचालित और मार्गदर्शित होंगे, जिससे प्रशिक्षण और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी।

आधुनिक सुविधाओं से होंगे सुसज्जित टेक्नोलॉजी सेंटर

इस संबंध में उद्योग विभाग ऊना के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमन ने बताया कि इन टेक्नोलॉजी सेंटर्स में क्वालिटी टेस्टिंग, डिज़ाइनिंग, आधुनिक मशीनरी, तकनीकी मार्गदर्शन, टूल एंड डाई मेकिंग व रिपेयर, तथा प्रोडक्ट डेवलपमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि यहां सीएडी-सीएएम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं तकनीकी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। युवाओं को ऑनलाइन और वर्चुअल माध्यम से भी कौशल प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही टेक्नोलॉजी सेंटर के माध्यम से उद्यमिता विकास, स्टार्टअप्स, नवाचार आधारित गतिविधियों तथा उत्पाद एवं प्रक्रिया डिजाइन से जुड़े परामर्श को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह पहल हिमाचल प्रदेश को औद्योगिक एवं तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।