मिशन वात्सल्य के तहत बरी पंचायत में बाल संरक्षण जागरूकता शिविर

rakesh nandan

22/01/2026

जिला बाल संरक्षण इकाई किन्नौर द्वारा निचार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत बरी में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर बच्चों और महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं, कानूनों और संरक्षण उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शिविर के दौरान संरक्षण अधिकारी (गैर-संस्थागत) मीरा देवी ने उपस्थित ग्रामीणों को स्पॉन्सरशिप, फॉस्टर केयर, फॉस्टर दत्तक ग्रहण, दत्तक ग्रहण, पॉक्सो अधिनियम 2012, किशोर न्याय अधिनियम 2015, मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना तथा एकल नारी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर मिशन शक्ति की जेंडर स्पेशलिस्ट माला भगती ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे बाल विवाह रोकथाम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ तथा विधवा पुनर्विवाह योजना के बारे में जानकारी दी। वहीं पैरा लीगल पर्सनल वकील दीपक नेगी ने सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं और युवाओं में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त नीता द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की कार्यप्रणाली और आपात स्थितियों में इसके उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई।

शिविर में जिला बाल संरक्षण इकाई किन्नौर के कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।