उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में आगामी 17 फरवरी को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस लघु रोजगार मेले में प्रतिष्ठित पांच औद्योगिक इकाइयों द्वारा लगभग 103 पदों के लिए कुशल, अर्धकुशल तथा आईटीआई प्रशिक्षित उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने बताया कि रोजगार मेले में सूरज फैब्रिक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड मैकेनिकल फिटर, इलेक्ट्रीशियन एवं फर्नेस मेटलर के पदों के लिए ऐसे आईटीआई पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी, जिनकी आयु 30 वर्ष या उससे अधिक है।
इसी प्रकार इंस्टा सिक्योर बिजनेस सॉल्यूशंस प्रा. लि. द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव एवं सर्वे एग्जीक्यूटिव पदों के लिए 12वीं एवं स्नातक पास ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिनकी आयु 45 वर्ष तक हो। सांख्यान ट्रस्ट प्रा. लि. एचआर मैनेजर, फाइनेंस एवं अकाउंट पदों के लिए स्नातक/स्नातकोत्तर तथा होटल स्टाफ के लिए 12वीं एवं होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी, जिनकी आयु 40 वर्ष तक हो।
उन्होंने बताया कि एस.आई.एस. सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पदों के लिए 10वीं पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी, जिनकी आयु 19 से 40 वर्ष के बीच हो, ऊंचाई 168 सेमी से अधिक तथा वजन 54 से 95 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। वहीं कम्पीटेंट ऑटोमोबाइल लिमिटेड (नेक्सा) रिलेशनशिप मैनेजर के पदों के लिए किसी भी विषय में स्नातक पास उम्मीदवारों का चयन करेगी, जिनकी आयु 22 से 40 वर्ष के बीच हो।
जिला रोजगार अधिकारी ने बिलासपुर जिला के इच्छुक अभ्यर्थियों से अपने मूल प्रमाण पत्रों सहित रोजगार मेले में भाग लेने का आह्वान किया है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।