माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 3 से 6 नवंबर तक होंगे कलाकारों के ऑडिशन

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 3, 4 और 6 नवंबर 2025 को महाराणा प्रताप राजकीय कॉलेज, अंब में कलाकारों के ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन 3 नवंबर को प्रातः 11 बजे से कॉलेज के सभागार में प्रारंभ होंगे।


ऑडिशन समिति का गठन

यह जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि ऑडिशन की पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण चयन सुनिश्चित करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। समिति की अध्यक्षता जिला लोक संपर्क अधिकारी, ऊना करेंगे। इसमें निम्न सदस्य शामिल होंगे — जिला भाषा अधिकारी, ऊना, अंब कॉलेज की म्यूजिकल वोकल की सहायक प्रोफेसर, तहसीलदार, अंब, यह समिति महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों के ऑडिशन और चयन प्रक्रिया का संचालन करेगी।


नामी कलाकारों को ऑडिशन से छूट

उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले और पुरस्कार विजेता कलाकारों को ऑडिशन प्रक्रिया से छूट प्रदान की गई है। ऐसे कलाकार सीधे सांस्कृतिक संध्याओं में भाग ले सकेंगे।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय, अंब में आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, आवेदन ईमेल पते — matachintpurnimahotsav@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं।


14 से 16 नवंबर तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा महोत्सव

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव 2025 इस वर्ष 14 से 16 नवंबर तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 26 से 28 सितम्बर 2024 तक अंब मैदान में आयोजित महोत्सव का पहला संस्करण अत्यंत सफल रहा था। इस आयोजन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों दोनों को आकर्षित किया और इसे प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कैलेंडर में एक विशिष्ट पहचान दिलाई।


आस्था और संस्कृति का संगम

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव ने आस्था और लोक-संस्कृति के समन्वय से एक प्रेरणादायक सांस्कृतिक पहल के रूप में अपनी छाप छोड़ी है। इस वर्ष भी महोत्सव के दौरान स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की विविध प्रस्तुतियाँ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मनोरंजन और आध्यात्मिक अनुभव दोनों प्रदान करेंगी।