गांव मरुड़ा, शाहतलाई में दिलबाग नगर जालंधर कमेटी द्वारा आयोजित 10वां विशाल जागरण एवं भंडारा श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बना। इस पावन आयोजन में राजीव राणा, सदस्य हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग एवं प्रदेश चेयरमैन असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (के.के.सी.) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव राणा ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सौहार्द मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल सनातन धर्म की परंपराओं को जीवंत रखते हैं, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बाबा बालक नाथ जी की पावन ज्योति के समक्ष आयोजित जागरण में भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर भाव-विभोर होकर बाबा के जयकारे लगाए। बड़ी संख्या में लोगों ने जागरण में भाग लिया तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में राम मूर्ति ठाकुर, वरुण ठाकुर, सोनू वर्मा, पंडित राधे-राधे, वंश वर्मा, शैली मोगला, सचिन चोपड़ा, मुदित शर्मा, अमित वर्मा, तरुण और लक्की का विशेष योगदान रहा। आयोजक कमेटी की ओर से मुख्य अतिथि राजीव राणा का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने भविष्य में भी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया, ताकि समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को और सुदृढ़ किया जा सके।
