मणिमहेश यात्रा में यात्री फंसे, सिरमौर में 100 सड़कें बंद : बिंदल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने हालात चिंताजनक बना दिए हैं। आपदा में कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है। भारतीय जनता पार्टी ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।


मणिमहेश यात्रा पर संकट

डॉ. बिंदल ने कहा कि चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा के दौरान हजारों लोग फंसे हुए हैं। कई यात्री कठिन परिस्थितियों में अपने घर लौट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इस स्थिति को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है।


मुख्यमंत्री पर तंज

डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री का दिल्ली और पटना से ऑनलाइन मीटिंग करना इस बात को दर्शाता है कि वह प्रदेश की जनता के दुख-दर्द के प्रति संवेदनशील नहीं हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री केवल राजनीति चमकाने के लिए बिहार गए।


सिरमौर में भारी तबाही

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सिरमौर जिले में पिछले 5 दिनों से लगातार बारिश के कारण 100 से अधिक सड़कें बंद हैं।

  • कई जगह सड़कें टूट गई हैं।

  • घर गिर रहे हैं और किसानों की फसलें बह गई हैं।

  • 50 से ज्यादा मकान पूरी तरह तबाह हो गए।

  • कुछ गांवों की जमीन धंस रही है।


प्रभावित पंचायतें

डॉ. बिंदल ने बताया कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतें बुरी तरह प्रभावित हैं।

  • मात्तर पंचायत

  • हरीपुर खोल पंचायत

  • रामपुर भारापुर पंचायत

उन्होंने कहा कि धारटी क्षेत्र की सभी सड़कें बंद हैं और घरों पर लगातार मलबा गिर रहा है। हरीपुर खोल पंचायत में 100 से ज्यादा मकान खतरे में हैं। 15 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित कर पंचायत घर और स्कूल में रखा गया है।


प्रशासन को सुझाव

डॉ. राजीव बिंदल ने प्रशासन से आग्रह किया कि:

  • तुरंत मशीने लगाकर सड़कों को खोला जाए।

  • राहत सामग्री और राशन पहुंचाया जाए।

  • प्रभावित परिवारों को राहत राशि दी जाए।

उन्होंने कहा कि कई परिवारों ने बताया कि उनके गैस सिलेंडर और राशन खत्म हो चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सिरमौर और चंबा जिला प्रशासन से जनता की मदद के लिए तत्परता से आगे आने की अपील की।