अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी के अवसर पर नगर निगम मंडी द्वारा इस वर्ष पहली बार वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। मंडी आर्ट फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि का शुभारंभ उपायुक्त अपूर्व देवगन ने किया।
उपायुक्त ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि शिवरात्रि महोत्सव अब आस्था और परंपरा के साथ-साथ कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति का भी सशक्त मंच बन रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थानों पर तैयार हो रहे भित्ति चित्र मंडी की स्थायी सांस्कृतिक पहचान बनेंगे और भविष्य में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र सिद्ध होंगे।
प्रतियोगिता के तहत उपायुक्त कार्यालय मार्ग और इंदिरा मार्केट क्षेत्र में कलाकार अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन कर रहे हैं। आनी के कलाकार लीतेश ‘सोंग द विंड कैरीज’ विषय पर चित्र बना रहे हैं, जबकि गौरव शर्मा अपनी साथी के साथ देव परंपरा आधारित भित्ति चित्र तैयार कर रहे हैं। अन्य कलाकार भी मंडी की देव संस्कृति, इतिहास और जनजीवन को रंगों के माध्यम से जीवंत कर रहे हैं।
प्रदेशभर से चयनित 10 टीमों को अलग-अलग स्थानों पर पेंटिंग का दायित्व सौंपा गया है। निर्णायक मंडल कलात्मक अभिव्यक्ति, विषय प्रस्तुति, रंग संयोजन, रचनात्मकता और स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों के प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन करेगा तथा उत्कृष्ट टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस अवसर पर महापौर वीरेंद्र भट्ट, एडीसी गुरसिमर सिंह, आयुक्त नगर निगम रोहित राठौर, एडीएम डॉ. मदन कुमार तथा एसडीएम रूपिंद्र कौर सहित नगर निगम के पार्षद उपस्थित रहे।
कलाकारों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि दृश्य कला को महोत्सव का हिस्सा बनाए जाने से उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर मिला है।