छोटी काशी मंडी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव 2026 के पावन अवसर पर साहित्य चूड़ामणि पंडित भवानीदत्त शास्त्री की स्मृति में संस्कृति सदन सभागार में बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त मंडी आर.के. पुर्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया गया तथा शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

अपने संबोधन में मंडलायुक्त ने कहा कि कवि सम्मेलन समाज को दिशा देने और संवेदनाओं को जागृत करने का सशक्त माध्यम है। कविता दैनिक जीवन की भावनाओं, अनुभवों और समस्याओं को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। जब इन विषयों को हास्य और व्यंग्य के साथ पिरोया जाता है, तो कविता और भी अधिक रोचक और लोकप्रिय बन जाती है। कार्यक्रम की शुरुआत गीता श्रेणी महिला टीम द्वारा मंडयाली गीता पाठ से हुई। मंच संचालन पवन चौहान ने किया।
कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया। डॉ. मनोहर अनमोल, हरपिंदर कौर, राजेंद्र सिंह ठाकुर, डॉ. पी.सी. कौंडल, यशपाल सिंह राठौर, सुरेंद्र मिश्रा, भीम सिंह, कुसुम, दिनेश सूद, हरि प्रिया, पुष्पा मल्होत्रा, रतना, निरंजना, कामना मल्होत्रा, उमेश शर्मा, भारत शर्मा, जगदीश कपूर, सुरेंद्र पाल वैद्य, उत्तम चंद शर्मा सहित अनेक कवियों ने देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, हास्य-व्यंग्य और समसामयिक विषयों पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह कवि सम्मेलन साहित्य, संस्कृति और भक्ति का सजीव संगम बनकर उभरा।
