अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी के अवसर पर सेरी मंच पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत पहली बार आयोजित की जा रही स्पेशल चाइल्ड हंट प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का दायरा बढ़ा दिया गया है। अब इस प्रतियोगिता में पूरे हिमाचल प्रदेश से दिव्यांग प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में मंच प्रदान करने के लिए भी इस वर्ष विशेष अवसर दिया जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि स्पेशल चाइल्ड हंट प्रतियोगिता सहित अन्य सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को ऑडिशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। यह ऑडिशन 2 फरवरी को पड्डल स्थित युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के टेनिस हॉल में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्पेशल चाइल्ड हंट प्रतियोगिता के लिए अब तक 9 दिव्यांग प्रतिभागियों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। प्रतियोगिता में चयन के बाद प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि यह पहल दिव्यांग समाज की कला, कौशल और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्पेशल चाइल्ड हंट मेला समिति की एक विशेष पहल है, जिसके माध्यम से दिव्यांगजनों को समान अवसर प्रदान करते हुए उन्हें मुख्यधारा की सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी अथवा उनके अभिभावक जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय, मंडी में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, ऑडिशन के दिन मौके पर भी आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।