मंडी शिवरात्रि महोत्सव-2026 के लिए देव कमरूनाग को पहला न्यून्द्रा

rakesh nandan

30/01/2026

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 में पधारने के लिए जनपद के आराध्य देव कमरूनाग को शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति की ओर से आज मेले का पहला पारंपरिक न्यून्द्रा (निमंत्रण) प्रदान किया गया। यह न्यून्द्रा महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की ओर से उपमंडलाधिकारी गोहर देवी लाल द्वारा धन्यारा क्षेत्र के गौत गांव स्थित कोठी में प्रदान किया गया।

पूर्व की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए आयोजन समिति द्वारा कुल 216 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाएगा। सभी देवी-देवताओं को इस बार विशेष रूप से मंडी कलम शैली में तैयार किए गए पारंपरिक निमंत्रण पत्र प्रदान किए जाएंगे। देव कमरूनाग को भी इसी विशिष्ट पारंपरिक शैली में तैयार न्यून्द्रा भेंट किया गया।

गौरतलब है कि विश्व प्रसिद्ध मंडी शिवरात्रि महोत्सव में देव कमरूनाग और श्री माधव राय मंदिर के अधिष्ठाता भगवान माधव राय के पावन मिलन के पश्चात ही महोत्सव के धार्मिक अनुष्ठान विधिवत रूप से आरंभ होते हैं। देव कमरूनाग के मंडी आगमन पर शहर के प्रवेश द्वार पर उनका पारंपरिक स्वागत किया जाता है, जिसके साथ ही शिवरात्रि महोत्सव के कारज प्रारंभ हो जाते हैं।

देव कमरूनाग के कारदारों द्वारा महोत्सव को लेकर तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 फरवरी 2026 को देव कमरूनाग का मंडी नगर में आगमन होगा। इस अवसर पर पुलघराट में गठित स्वागत समिति द्वारा उनका विधिवत स्वागत किया जाएगा।

इसके पश्चात श्री माधव राय मंदिर में उपायुक्त मंडी द्वारा औपचारिक स्वागत किया जाएगा तथा देव कमरूनाग का भगवान माधव राय से पारंपरिक मिलन संपन्न होगा। इसके उपरांत मंडी रियासत के राज परिवार द्वारा देव कमरूनाग का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा।

राजमहल में विश्राम के पश्चात देव कमरूनाग महोत्सव के समापन तक माता श्यामाकाली मंदिर टारना में विराजमान रहेंगे। उल्लेखनीय है कि मंडी शिवरात्रि महोत्सव के दौरान सभी आमंत्रित देवी-देवता मंडी पहुंचकर श्री माधव राय के दरबार में हाजिरी लगाते हैं।