मंडी शिवरात्रि में देवधुन प्रतियोगिता शुरू

rakesh nandan

17/02/2026

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 के अंतर्गत छोटी काशी मंडी में देवधुन/वाद्ययंत्र प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हो गया। प्रतियोगिता के आरंभ होते ही देव समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के लिए 79 देवताओं के बजंत्रियों ने वाद्ययंत्र श्रेणी में पंजीकरण कराया है, जबकि 10 देव दलों ने देवलुनाटी प्रतियोगिता के लिए अपना नाम दर्ज करवाया है। प्रथम दिन 23 प्रतिभागियों ने मंच पर प्रस्तुति दी और नगाड़ों, करनाल, रणसिंघा सहित पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

देवधुन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मुरारी शर्मा, कृष्णा देवी और उमेश ने अपनी भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी सहित देव समाज से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में देवलुनाटी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें पंजीकृत देव दल अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे। इस प्रकार के आयोजन देव परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।