मंडी सदर विकास खंड की 55 पंचायतों में होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव प्रक्रिया के तहत 121 मतदान दलों को चुनाव सामग्री और सुरक्षा कर्मियों के साथ रवाना कर दिया गया है।
ये मतदान दल 26, 28 और 30 मई 2026 को होने वाले तीन चरणों के मतदान के लिए कुल 323 मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाएंगे। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी-सह-एसडीएम सदर मंडी रूपिन्द्र कौर की निगरानी में मतदान दलों को बिपाशा सदन मंडी से बसों के माध्यम से रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 26 मई को सबसे अधिक 121 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इसके बाद 28 मई को 111 मतदान केंद्रों और 30 मई को 91 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि जिला परिषद, पंचायत समिति, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के चुनावों के लिए मतदान दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री और सुरक्षा बलों के साथ रवाना किया गया है। मतदान कर्मियों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
रूपिन्द्र कौर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम-1994 की धारा 158-जी के तहत मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि इस नियम की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश सभी मतदान अधिकारियों को दिए गए हैं।
उन्होंने मतदान टीमों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सलाह दी। साथ ही निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत संबंधित सेक्टर अधिकारी से संपर्क किया जाए। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान कर्मियों को बिना पुलिस सुरक्षा के किसी प्रकार की आवाजाही न करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
एसडीएम ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीओ मंडी सदर सुरेंद्र ठाकुर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने मतदाताओं से भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की अपील की है।