प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा जिला स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला रोजगार कार्यालय मंडी द्वारा 24 मार्च, 2026 को एक लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां भाग लेंगी और कुल 196 रिक्त पदों को भरने के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रोजगार मेला 24 मार्च को प्रातः 10:30 बजे मॉडल करियर सेंटर/जिला रोजगार कार्यालय, खलियार, मंडी (हि.प्र.) में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है।
इस रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। हीरो मोटर्स कंपनी ई-वैली प्राइवेट लिमिटेड द्वारा टेक्निकल एसोसिएट और ऑपरेटिंग इंजीनियर के 35 पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो, आईटीआई, मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल में डिप्लोमा निर्धारित की गई है। 18 से 32 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष और महिला अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों की तैनाती पंजाब के लुधियाना में की जाएगी और उन्हें 18,500 से 22,500 रुपए तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सुपरवाइजर के 60 पदों के लिए एलायंस ग्रो स्टाफिंग प्राइवेट लिमिटेड, नुरेका टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड तथा एमटी ऑटोक्राफ्ट सिस्टम लिमिटेड द्वारा साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इन पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है और शैक्षणिक योग्यता जमा दो या संबंधित ट्रेड में आईटीआई/डिप्लोमा निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को परवाणु और मोहाली में तैनाती दी जाएगी, जहां उन्हें 13,500 रुपए वेतन और अन्य भत्ते मिलेंगे।
कंपीटेंट ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव और सर्विस एडवाइजर के 17 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए बी.टेक, डिप्लोमा या किसी भी विषय में ग्रेजुएशन आवश्यक है। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रखा गया है। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इन पदों के लिए 14,000 से 18,000 रुपए वेतन के साथ इंसेंटिव भी दिया जाएगा। तैनाती मंडी, कुल्लू और मनाली में होगी।
आनंद ऑटो केयर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सेल्स ऑफिसर के 4 पदों के लिए भी साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए किसी भी विषय में स्नातक योग्यता अनिवार्य है। 21 से 35 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष और महिला अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,750 रुपए या उससे अधिक वेतन (अनुभव के आधार पर) दिया जाएगा और तैनाती मंडी में होगी।
इसके अलावा, एक्सिस बैंक (एनआईआईटी) द्वारा असिस्टेंट मैनेजर के 30 पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। इन पदों के लिए किसी भी विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री आवश्यक है। 21 से 33 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 36,500 रुपए वेतन मिलेगा और उनकी तैनाती हिमाचल प्रदेश में कहीं भी की जा सकती है।
ग्राम तरंग टेक्निकल वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, वायरमैन, इलेक्ट्रॉनिक्स और मोटर मैकेनिक जैसे ट्रेड में 50 पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। इसके लिए बारहवीं पास या संबंधित ट्रेड में आईटीआई योग्यता आवश्यक है। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष उम्मीदवार और केवल आईटीआई कोपा ट्रेनिंग पूरी कर चुकी महिला उम्मीदवार पात्र होंगी। चयनित अभ्यर्थियों को 12,507 रुपए वेतन और 800 रुपए उपस्थिति प्रोत्साहन दिया जाएगा तथा तैनाती कपूरथला में होगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय पंजीकरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बायोडाटा साथ लेकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने सभी युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर इस रोजगार मेले में भाग लें और उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं। यह रोजगार मेला न केवल युवाओं को नौकरी का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें विभिन्न कंपनियों के साथ सीधे जुड़ने का मंच भी देगा।