हिमाचल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी ‘मन की बात’

rakesh nandan

29/12/2025

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने कहा कि आज पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण सुना गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में कार्यकर्ताओं के साथ यह कार्यक्रम सुना, जबकि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जम्मू प्रवास के दौरान कठुआ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी।

संजीव कटवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता से सीधे संवाद करते हैं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को सरल भाषा में जन-जन तक पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए देश की सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, संस्कृति और युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख यह दर्शाता है कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। साथ ही खेल जगत की उपलब्धियां, विज्ञान एवं अंतरिक्ष क्षेत्र में प्रगति, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों ने देशवासियों में आत्मविश्वास का संचार किया।

संजीव कटवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ में युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन, नवाचार, स्टार्टअप, फिटनेस और कृषि जैसे विषयों पर युवाओं की भागीदारी को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की दिशा दिखाता है।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, संस्कृति और उज्ज्वल भविष्य का प्रतिबिंब है, जो पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।