महाशिवरात्रि महोत्सव में शास्त्रीय संगीत-नृत्य संध्या ने मोहा मन

rakesh nandan

10/02/2026

अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर ऐतिहासिक संकन गार्डन के खुले मंच पर शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं वादन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अपूर्व देवगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रंगीन रोशनियों के बीच घुंघरुओं की मधुर झंकार और शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को सुरमय बना दिया। स्थानीय एवं उभरते कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में स्वर कोकिला के नाम से विख्यात शुक्ला शर्मा, सरोद वादक एवं संगीतज्ञ दीपक गौतम, हिमाचल के प्रथम पुरुष कथक स्नातक दिनेश गुप्ता तथा वल्लभ राजकीय महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक (संगीत) अनुपमा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

इसके अतिरिक्त विशेष सिंह, ईशा कुमारी, जितेन्द्र, उमा, नरेश, संतोष गुप्ता, अमरजीत, संजय पुजारी एवं अनिल कुमार सोनी ने भी मंच पर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। संगीत सदन, नृत्य तपस एवं डांस अकादमी के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने संध्या को यादगार बना दिया। महोत्सव की सांस्कृतिक कड़ी में 11 फरवरी को सायं 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. मनु गुप्ता, उप निदेशक सूचना एवं जन संपर्क मंजुला कुमारी, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी सहित साहित्यकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।