भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने महाराष्ट्र के शहरी निकाय चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इन नतीजों ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि नरेंद्र मोदी देश के सबसे भरोसेमंद और प्रभावशाली नेता हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों, कार्यशैली और निर्णायक नेतृत्व पर देश की जनता का अटूट विश्वास है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि देश की सबसे बड़ी महानगरपालिका मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महा-युति गठबंधन ने 130 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं कांग्रेस पार्टी केवल 14 सीटों पर सिमट कर रह गई। 230 सीटों वाली इस महानगरपालिका में कांग्रेस का यह प्रदर्शन उसके जनाधार के निरंतर क्षरण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हुए 29 नगर निगमों के चुनावों में से 23 नगर निगमों में भाजपा-महायुति गठबंधन को स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि बिहार के बाद अब महाराष्ट्र की जनता ने भी यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि एनडीए और भाजपा का नेतृत्व ही देश को सही दिशा में आगे ले जा रहा है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार में कांग्रेस जहां केवल 6 सीटों तक सिमट गई, वहीं मुंबई में 230 में से मात्र 14 सीटें हासिल कर पाना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस की नीतियां, नेतृत्व और कार्यशैली जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल स्थानीय निकाय का नहीं, बल्कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनमत और जनादेश है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के शहरी निकाय चुनावों के परिणाम एक तरह से जनमत संग्रह हैं, जिसमें जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और कांग्रेस की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है। भाजपा इस जनादेश को विनम्रता के साथ स्वीकार करते हुए देश और राज्यों के विकास के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।