नाहन में महाराजा राजेंद्र प्रकाश फाउंडेशन पुरस्कार 2026 आयोजित

rakesh nandan

11/01/2026

नाहन स्थित राजकीय महल में महाराजा राजेंद्र प्रकाश फाउंडेशन द्वारा महाराजा राजेंद्र प्रकाश फाउंडेशन पुरस्कार 2026 का भव्य आयोजन किया गया। यह पुरस्कार लेफ्टिनेंट-कर्नल His Highness महाराजा राजेंद्र प्रकाश बहादुर ऑफ सिरमौर के सम्मान में स्थापित किए गए हैं, जिन्होंने वर्ष 1933 से 1948 तक सिरमौर राज्य पर शासन किया।

इस गरिमामय समारोह की मेज़बानी महाराजा लक्षराज प्रकाश ऑफ सिरमौर द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान महाराजा राजेंद्र प्रकाश बहादुर की प्रगतिशील सोच, प्रशासनिक दूरदृष्टि और शिक्षा के प्रति उनके योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें विरासत, वास्तुकला एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए महाराजा शम्शेर प्रकाश पुरस्कार से चंदन शर्मा को सम्मानित किया गया। संस्थागत विकास, प्रशासन एवं सामाजिक न्याय में उत्कृष्ट योगदान के लिए महाराजा सूरेंद्र प्रकाश पुरस्कार प्रोफेसर दताराम शर्मा को प्रदान किया गया। शिक्षा एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए महाराजा अमर प्रकाश पुरस्कार यशपाल शर्मा को मिला।

वीरता, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामुदायिक सद्भाव के लिए महाराजा राजेंद्र प्रकाश पुरस्कार राजेंद्र प्रसाद भट्ट को प्रदान किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए राजमाता पद्मिनी देवी ऑफ जयपुर पुरस्कार मेघा कंवर को दिया गया। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महाराजा लक्षराज प्रकाश पुरस्कार से ललिता ठाकुर को सम्मानित किया गया।

महाराजा राजेंद्र प्रकाश फाउंडेशन पुरस्कार स्मृति, सेवा और नेतृत्व के मूल्यों को संजोने के साथ-साथ उन व्यक्तियों को सम्मानित करते हैं, जिन्होंने सिरमौर की विरासत, संस्कृति और मूल्यों को अपने कार्यों से जीवंत रखा है।