उपायुक्त राहुल कुमार सोमवार को लोक निर्माण विभाग एवं नगर परिषद के अधिकारियों के साथ लुहणू पहुंचे, जहां उन्होंने मेला ग्राउंड से सटे सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि गोविंद सागर झील के जलस्तर में वृद्धि के कारण सिंथेटिक ट्रैक का अधिकांश डंगा गिर चुका है, जिससे ट्रैक की संरचना को भारी नुकसान पहुंचा है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम बोर्ड के निदेशक मंडल के सदस्य जितेंद्र चंदेल भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने सिंथेटिक ट्रैक के बाहर बंद पड़े नाले का भी निरीक्षण किया और नगर परिषद के अधिकारियों को इसे शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जलभराव और क्षति की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक बजट प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों को जल्द से जल्द आरंभ किया जा सके। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि खेल अधोसंरचना और सार्वजनिक सुविधाओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
