मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा ने कुष्ठ रोग जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि जिला मंडी में 30 जनवरी से 14 फरवरी तक कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले की समस्त पंचायतों की ग्राम सभाओं में जिला पंचायत अधिकारी के माध्यम से लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करने हेतु शपथ भी दिलाई जा रही है। डॉ. दीपाली शर्मा ने कहा कि कुष्ठ रोग एक कम संक्रामक बीमारी है और समय पर पहचान तथा उचित उपचार से यह पूरी तरह ठीक हो सकता है। उन्होंने बताया कि त्वचा पर दाग, उस स्थान पर सुन्नता, हाथ-पैर में सूजन, आंखों में कमजोरी तथा चेहरे और कानों में सूजन कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिला मंडी में कुष्ठ रोगियों की संख्या बहुत कम है और अधिकांश रोगी उपचार के उपरांत सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
उन्होंने कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तियों को सम्मान के साथ समाज की मुख्यधारा में जोड़ा जाना चाहिए। इसी क्रम में जिला मंडी में प्रातः 11:00 बजे से 11:02 बजे तक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान समस्त गतिविधियां स्थगित रहीं और सड़कों पर यातायात भी दो मिनट के लिए पूर्ण रूप से बंद रहा। इस अवसर पर डॉ. अरिंदम रॉय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
