कुटलैहड़ में 90 आपदा प्रभावित परिवारों को ₹65 लाख की राहत

rakesh nandan

14/01/2026

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने मंगलवार को जल शक्ति विभाग के विश्रामगृह में कुटलैहड़ क्षेत्र के 90 आपदा प्रभावित परिवारों को 65 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में अब तक 290 आपदा प्रभावित परिवारों को 3 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है। विधायक ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने आपदा राहत नीति को और अधिक जनहितकारी बनाते हुए पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए राहत राशि को 1.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया।

विकास कार्यों से क्षेत्र को मिला लाभ

कुटलैहड़ क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विवेक शर्मा ने बताया कि डटवाड़ा से पनोह सड़क का निर्माण लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है, जिससे क्षेत्र के करीब 1200 लोगों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि मौजूदा कार्यकाल में क्षेत्र में 62 नए बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिससे लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज समस्या से लोगों को राहत मिली है। इसके अलावा कुटलैहड़ विधानसभा के बौल क्षेत्र में लगभग 300 कनाल भूमि को इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में चिन्हित किया गया है। इससे भविष्य में उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

लोहड़ी व मकर संक्रांति की दी शुभकामनाएं

विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समस्त लोगों को लोहड़ी और मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर लोहड़ी पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक विवेक शर्मा की धर्मपत्नी मृदु शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मिंका, उपमंडल अधिकारी ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीओ आईपीएच रविंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।