हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार अपने गृह जिले हमीरपुर पहुंचने पर कुलदीप सिंह पठानिया का भव्य स्वागत किया गया। वीरवार सुबह जिला हमीरपुर के प्रवेशद्वार उखली में राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, विभिन्न बोर्डों-निगमों के निदेशक मंडल के सदस्य, जिला के अन्य कांग्रेसी नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके उपरांत कुलदीप सिंह पठानिया सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अपने पैतृक गांव छियोड़ी के लिए रवाना हुए। इस दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भी लोगों द्वारा उनका स्वागत किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुलदीप सिंह पठानिया को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में कृषि विपणन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा किसानों के हितों को मजबूती मिलेगी।
