कोटखाई में विकास कार्यों का लोकार्पण
रोहित ठाकुर ने अपने कोटखाई प्रवास के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने उपमंडल दण्डाधिकारी कार्यालय कोटखाई में राजस्व रिकॉर्ड रूम का उद्घाटन किया। इससे पहले यह कार्यालय ठियोग में स्थित था। अब कोटखाई क्षेत्र के निवासियों को भूमि से संबंधित अभिलेख प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
सब जज कोर्ट परिसर का निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने सब जज कोर्ट परिसर का निरीक्षण भी किया। इस परिसर के निर्माण पर 10 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सब जज कोर्ट का क्रियान्वयन आरंभ कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाएं सुलभ होंगी। यह कदम क्षेत्र में न्यायिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उपमंडलीय पशु औषधालय का लोकार्पण
रोहित ठाकुर ने नवीनस्त्रोन्नत उपमंडल स्तरीय पशु औषधालय का भी लोकार्पण किया। उन्होंने पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित पशु प्रजनन शिविर में भाग लिया। उन्होंने बताया कि यह शिमला जिला का पहला उपमंडलीय पशु औषधालय है, जहां विभिन्न पशुओं, विशेषकर गोधन के उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। पूरे कोटखाई खंड के नागरिक इससे लाभान्वित होंगे। औषधालय में सीनियर वेटनरी ऑफिसर और चीफ फार्मासिस्ट के एक-एक पद को शीघ्र भरा जाएगा। भवन की दूसरी मंजिल के निर्माण पर 9 लाख रुपये व्यय किए गए हैं।
30 लाख की दिवानडी-कथान्डी सड़क
ग्राम पंचायत टाहू कथान्डी के अंतर्गत 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित डेढ़ किलोमीटर लंबी दिवानडी-कथान्डी सड़क का उद्घाटन भी शिक्षा मंत्री ने किया। उन्होंने स्थानीय लोगों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। इसके अलावा ग्राम पंचायत दरकोटी के अंतर्गत 700 मीटर लंबी मराथू-चमैन नाला सड़क के निर्माण पर ग्रामीणों ने आभार व्यक्त किया।
550 करोड़ रुपये के विकास कार्य
रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में विकास के नए मील के पत्थर स्थापित हुए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधीन सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों के लिए 550 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है और कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि मराथू-थरोला सड़क का उन्नयन 16 करोड़ रुपये की लागत से जारी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थरोला का निर्माण 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से प्रगति पर है।
शिक्षा के क्षेत्र में पहल
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। कोटखाई में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय एक महत्वपूर्ण संस्थान सिद्ध होगा, जहां स्थानीय बच्चों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी। ग्रामीण परिवेश में केंद्रीय विद्यालय का खुलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
नई पंचायत का गठन
ग्राम पंचायत थरोला से अलग होकर नई पंचायत “टाहू कथान्डी” के गठन पर उन्होंने ग्रामीणों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्मित पंचायत के गठन के बाद विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
शोक संवेदना
अपने दौरे के दौरान रोहित ठाकुर ने कथान्डी गांव निवासी शकुन सेमटा के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और सभा स्थल पर दो मिनट का मौन रखा। उन्होंने कहा कि दिवंगत शकुन सेमटा एक मिलनसार और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता थे, जिनके निधन से क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है।