शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज कोटखाई उपमंडल के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बाग डुमेहर में जालठ (1) से जालठ (2) संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। लोकार्पण अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस संपर्क मार्ग के बनने से दोनों बस्तियों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा तथा स्थानीय लोगों के लिए आवागमन सुगम होगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के बागवानों को अपनी फसलों को बाजार तक पहुंचाने में भी बड़ी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने इस मार्ग पर बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में चहुंमुखी विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी विधानसभा जुब्बल–नावर–कोटखाई में केवल सड़क निर्माण क्षेत्र में ही लगभग 500 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं, जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। अब तक 161 सड़कों की सफल पासिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। सिविल अस्पताल जुब्बल और मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है, जिसके दूरगामी और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। इसके अतिरिक्त सब जज कोर्ट कोटखाई की गतिविधियां भी शीघ्र प्रारंभ की जाएंगी। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और आने वाले समय में सरकार व नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र और प्रदेश को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के निदेशक देविंदर नेगी, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक पवन चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, पंचायत प्रधान उर्मिला जसटा, उपप्रधान रमेश कुमार, पंचायत समिति सदस्य रमन आचार्य सहित एसडीएम कोटखाई कार्यालय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
