कोट पंचायत भवन लोकार्पण: एक छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं

rakesh nandan

20/01/2026

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी पंचायतों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पुराने पंचायत भवनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जबकि नए पंचायत भवनों का निर्माण एकरूप डिजाइन एवं पैटर्न पर किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे पंचायत से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

विक्रमादित्य सिंह आज 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत कोट के नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण करने के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पंचायत क्षेत्र के लोगों एवं जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत भवन क्षेत्र के विकास का केंद्र होता है, जहां से योजनाओं की रूपरेखा तैयार होती है और उन्हें धरातल पर उतारा जाता है।

उन्होंने कहा कि एक समय पंचायतों में संसाधनों और सुविधाओं का अभाव था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वाई.एस. परमार और वीरभद्र सिंह की सरकारों के दौरान पंचायतों को सशक्त बनाने की नींव रखी गई, जिसके सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 6–7 नई पंचायतें गठित हुईं और उनके भवन भी बनकर तैयार हो चुके हैं।

🔹 फोरलेन निर्माण से प्रभावित समस्याओं के समाधान के निर्देश

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि फोरलेन निर्माण से प्रभावित ग्रामीणों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पेयजल स्रोतों, मकानों में आई दरारों, प्रभावित रास्तों के पुनर्निर्माण, बिजली-पानी व्यवस्था तथा सिंचाई योजनाओं को सुचारू रखने के लिए फोरलेन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए एमओयू के तहत फोरलेन प्रबंधन को निर्देशित किया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि कोट पंचायत क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के दौरान 21 विकास कार्यों के लिए 24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधायक प्राथमिकता के तहत 6.5 करोड़ रुपये की लागत से चौरी घाटी–यान संपर्क सड़क का निर्माण किया गया है। इसके अलावा शोघी से साधुपुल वाया कनेची ओहर सड़क का निर्माण नाबार्ड के तहत प्रस्तावित है। क्षेत्र की सिंचाई योजनाओं के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत करवाई गई है।

🔹 ओपन जिम और लाइब्रेरी की घोषणा

मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से क्षेत्र में ओपन जिम और शोघी में लाइब्रेरी निर्माण की घोषणा की। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से जिम के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का आग्रह किया। साथ ही शोघी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर बजट बढ़ाकर 23 लाख रुपये करने की जानकारी भी दी।

🔹 कोट पंचायत को 6 लाख रुपये की सहायता

ग्राम पंचायत कोट की प्रधान नेहा मेहता ने मंत्री का स्वागत करते हुए पंचायत में किए गए विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। मंत्री ने पंचायत की विभिन्न मांगों के लिए 6 लाख रुपये देने की घोषणा की।

🔹 “सरकार गांव की ओर” कार्यक्रम

कैबिनेट मंत्री ने “सरकार गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे शासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, जिला परिषद सदस्य संतोष शर्मा, बीडीसी सदस्य सुनीता ठाकुर सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, युवक एवं महिला मंडलों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।