उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज किन्नौर जिला के रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों से सड़क सुरक्षा से संबंधित पूर्व में दिए गए दिशा-निर्देशों की वर्तमान स्थिति का विस्तृत ब्यौरा लिया गया।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन समय-समय पर सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित करता रहा है, जिनका उद्देश्य युवाओं एवं स्थानीय लोगों को यातायात नियमों, तेज गति से वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग तथा शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा की जा सके।
डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 1 जनवरी, 2026 से 31 जनवरी, 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न विभागों—विशेषकर पुलिस, स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग—के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि बर्फबारी और कड़ाके की सर्दी के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालकों, ट्रक यूनियन तथा टैक्सी यूनियनों के चालकों की निशुल्क नेत्र जांच करवाई जाएगी, जिससे सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में पुलिस उप अधीक्षक उमेश्वर सिंह राणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार नेगी, क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम अतुल गुप्ता, लोक निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
