राऊलाने व होली उत्सव की तैयारियों पर बैठक

rakesh nandan

16/12/2025

जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय सभागार में आज कल्पा तहसील में आयोजित होने वाले राऊलाने उत्सव एवं सांगला तहसील में मनाए जाने वाले होली उत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।

उपायुक्त ने दोनों उत्सवों के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटकों एवं आगंतुकों के लिए आवास व्यवस्था, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में स्थानीय एवं पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी चर्चा की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने, विभागों के बीच बेहतर तालमेल तथा प्रचार-प्रसार एवं सूचना व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता, उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, सांगला पंचायत प्रधान देव सांकी नेगी, कल्पा पंचायत प्रधान सरिता देवी, उपप्रधान राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।