जिला टीकाकरण कार्य बल (पल्स पोलियो अभियान) के अंतर्गत आज उपायुक्त कार्यालय किन्नौर के सम्मेलन कक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उपायुक्त ने बताया कि 21 दिसंबर, 2025 (रविवार) को जनजातीय जिला किन्नौर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जिससे बच्चों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत किया जा सके। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, परिवहन तथा पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।
बैठक का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. राकेश नेगी ने किया। उन्होंने बताया कि जिले में 4,123 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 101 पोलियो बूथ, 02 मोबाइल टीमें तथा प्रवेश द्वार चौरा और आकपा चेक पोस्ट पर 02 पारगमन बूथ स्थापित किए जाएंगे। अभियान में कुल 407 कर्मचारी, जिनमें 20 पर्यवेक्षक शामिल हैं, तैनात किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 22 और 23 दिसंबर, 2025 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर जाकर पल्स पोलियो दवा पिलाने की विशेष मुहिम चलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अश्विनी नेगी ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी पूह डॉ. राकेश गोयल, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण गौतम, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
